Saturday, January 22, 2011

सामाजिक मकसद भी पूरा कर रहीं फिल्में

मंजीत ठाकुर 
(लेखक आईआईएमसी, नई दिल्ली के पूर्व छात्र और डीडी न्यूज़ में वरिष्ठ संवाददाता हैं)
भारतीय सिनेमा खासकर हिंदी सिनेमा में विचारधारा की बात थोड़ी अटपटी लग सकती है, क्योंकि ज्यादातर हिंदुस्तानी फ़िल्में मसाले की एय्यारी और मनोरंजन का तिलस्मी मिश्रण होती हैं। लेकिन यह भी सच है कि मनोरंजन के तमाम सीढियों पर जाने और कला-शिल्प के आरोह-अवरोहों के बावजूद सिनेमा ने पिछले आठ दशकों में सामाजिक मकसद को भी एक हद तक पूरा किया है। फूहड़ से फूहड़ फिल्म में भी कोई एक दृश्य मिसाल की तरह बन जाता है और बेहद व्यावसायिक मसाला फिल्म में भी लेखक अपनी विचारधारा उसी तरह पेश कर देता है, जैसे समोसे के भीतर आलू।  

बहुत गंभीर फिल्में, जिनके निर्देशक कला पक्ष को लेकर बहुत सतर्क रहते हैं, वहां विचारधारा निर्देशक पर आधारित और सोच समझ कर फिल्म में डली होती हैं। 1930 में, जब आजादी का आंदोलन जोर पकड़ चुका था  व्रत  नाम की एक फिल्म का मुख्य पात्र महात्मा गांधी जैसा दिखता था और लोगों से सच्चरित्रता की बातें करता था। इसी वजह से ब्रितानी सरकार ने इस फिल्म को बैन कर दिया।

1936 में देविका रानी और अशोक कुमार की  अछूत कन्या  में दलित समस्या जो बाद में सुजाता में भी उभरकर सामने आई और बाद में 1937 में वी शांताराम ने  दुनिया न माने  में बाल-विवाह के खिलाफ आवाज बुलंद की।

अछूत कन्या ने उठाया संवेदनशील मुद्दा
कुछ अपवादों को छोड़ दें तो दादा साहब फाल्के की मूक फ़िल्मों से लेकर नए दौर के सिनेमा और समांतर सिनेमा के  युगों से होते हुए  श्याम बेनेगल की ताजातरीन  वेलकम टू सज्जनपुर  तक जो विचारधारा हिंदुस्तानी फिल्मों में दिखती है, वह उदारवादी मार्क्सवाद है। इसमें-बजाय व्यवस्था और सत्तातंत्र के खिलाफ हिंसक क्रांति के सामाजिक न्याय और उदारवादी विरोध है। यह करीब-करीब गांधीवादी आदर्शवाद ही है।

हिंदुस्तान में कट्टर और क्रांतिकारी वामपंथी विचारधारा अगर फिल्मों में विकसित नहीं हो पाई तो इसकी वजह हिंदुस्तानी जनता ही है, जो अध्यात्म और भाग्य पर ज्यादा भरोसा करती है। यहां विभाजन वर्ण का है, वर्ग का नहीं; इसलिए यहां जाति-वर्ग से ज्यादा अहम है। इसलिए कुछ अपवादों को छोड़कर भारतीय  सिनेमा में जो विचारधारा दिखती है वह सामाजिक न्याय की हिमायत करने वाली विचारधारा है।

दो बीघा ज़मीन ने दिखाया ग्रामीणों का दर्द 
इतालवी नव-यथार्थवादी विचारधारा के असर से भारत में एक फिल्म बनी- दो बीघा ज़मीन। इस फिल्म पर विक्तोरियो डि सिका  की  लीद्री दि वीसिक्लित्ते (वायसिकिल थीव्स) का असर साफ देखा जा सकता है। ग्रामीण अत्याचारी ज़मींदारी व्यवस्था और शहरी नव-सामंतवाद के खिलाफ इस फिल्म को एक दस्तावेज़ माना जा सकता है।

70 के दशक की शुरुआत में एक ओर तो अमिताभ का अभ्युदय हुआ दूसरी ओर समानांतर सिनेमा का। बहुधा लोग अमिताभ के गुस्सैल नौजवान को एक सामाजिक चेतना के तौर पर स्वीकार करते हैं। ज़जीर का गुस्सैल पुलिस इंस्पैक्टर हो या दीवार का नाराज़ गोदी मज़दूर, या फिर त्रिशूल का बदला भंजाने पर उतारू नौजवान..। हालांकि यह जनता की नाराजगी के रूप में स्वीकृत हुआ है, लेकिन है यह निजी गुस्सा ही। तीनों ही फिल्मों का नायक अपने परिवार का बदला ले रहा होता है, यह बात दीगर है कि किरदार के निजी अनुभव आम जनता से मेल खा गए। बनिस्बत इसके, अर्धसत्य  के ओम पुरी के किरदार का गुस्सा अमिताभ के किरदारों से गुस्से से कहीं ज्यादा वैचारिक और सामाजिक चिंता से उपजा है।

कुली में दिखा आक्रोश 
दूसरी ओर उसी दौर के समांतर सिनेमा में वामपंथी विचारधारा अधिक मुखर हुईं।  अंकुर,  पार, निशांत अंकुश  और  आक्रोश  जैसी फिल्में इसी वैचारिक संघर्ष को पेश करती हैं।

कई बार मुख्यधारा की फिल्मों में भी कई लेखकों ने कई ऐसे किरदार रच दिए जो पूरी विचारधारा तो पेश नहीं करते लेकिन आप तक अपनी बात पहुंचा कर ही दम लेते हैं। फिल्म बंडलबाज़  में जिन्न बने शम्मी कपूर आम इंसान की तरह पहाड़ चढ़ते वक्त राजेश खन्ना से कहते हैं कि आम आदमी होना कितना मुश्किल है। अमिताभ बच्चन की प्रतिभा का फिल्मकारों ने विशुद्ध व्यावसायिक दोहन किया। लेकिन याद कीजिए फिल्म कुली का वह दृश्य जिसमें सुरेश ओबेरॉय और अमिताभ के बीच स्विमिंग पूल के पास मारपीट होती है। ओबेरॉय हथौड़ा उठा लेते हैं और अमिताभ के हाथ लग जाता है हंसिया। फिर हंसिया और हथौड़े का एक्सट्रीम क्लोज शॉट...निर्देशक ने अपना काम पूरा कर दिया, लेखक ने अपना। विचारधारा को बगैर फतवे के पेश कर दिए जाने का नायाब नमूना है यह।

गरीब आदमी के किरदार में दिखे मिथुन 
कभी अमिताभ के लिए कठिन प्रतिद्वंद्वी बन चुके मिथुन फूहड़ फिल्में बनाने में उनके भी उस्ताद निकले। लेकिन ज़रा ध्यान दीजिए, मिथुन ने ज्यादातर फिल्मों में गरीब आदमी के किरदार निभाए हैं और उनकी प्रेमिका और खलनायक हमेशा धनी-पूंजीपति होते हैं। वर्ग संघर्ष दिखाने का यह तरीका आम आदमी को बहुत भाया। मिथुन की इसकी परंपरा को बाद में गोविंदा ने चलाया, लेकिन बाद में वह दादा कोंडके की राह पर चले गए।

एक दशक होने को आए, लगान ने भी क्रिकेट के बहाने निहत्थे आम आदमी के जीवन-संग्राम में महज  साहस के बल पर कूद जाने की कहानी कही। नागेश कुकूनूर की इकबाल भी इसी आम आदमी के और भी छोटे स्वरूप को पेश किया। हाल में लगे रहो मुन्ना भाई और रंग दे बसंती ये दो फिल्में ऐसी ज़रूर आईं,  जिनमें विचार हैं। अक्सर माफिया का किरदार निभाने वाले संजय दत्त लगे रहो..में गांधीगीरी करते नज़र आए। इस फिल्म ने उस दौर में जनता को अहिंसक विरोध के नए स्वर दिए, जब बदलती दुनिया में युवा पीढ़ी गांधी को तकरीबन अप्रासंगिक मानने लगी थी। दूसरी ओर इसी युवा पीढी को विरोध का एक और विकल्प दिया, रंग दे बसंती ने।  
लगान ने दिखाया आम आदमी का संघर्ष 
हालांकि, रंग दे.. में विरोध हिंसक है..लेकिन फिल्म सोचने पर मजबूर करती है। इसमे एक विचारधारा तो है। 


ज़ाहिर है, हिंदी सिनेमा ने मनोरंजन तो किया है लेकिन उसकी भी सीमा है। सामाजिक मकसद से फिल्में तो बनी हैं, लेकिन बाजार ने हमेशा पैसे को विचारों से ऊपर जगह दी है। ऐसे में जब मणिरत्नम् भी डिस्ट्रीब्यूटर्स को लेकर जवाबदेह हो जाते हैं..तो बाकियों को क्या कहना। और नैतिकता...फिल्मी दुनिया में यह अनचीन्हा शब्द है।


Related Posts : 

Wednesday, January 19, 2011

दे दो आज़ादी इक पल जीने की!

आल इज्ज़ वेल ???
आज़ादी! ये शब्द सुनते ही ज़्यादातर लोगों को 15 अगस्त की याद आ जाती है। कई लोग तो आज़ादी को सिर्फ अंग्रेज़ों से मिली आज़ादी समझते हैं लेकिन...अब इसके मायने बदल रहे हैं। कहने को तो हम राजनीतिक रूप से आज़ाद हो गए। ग्लोबलाइज़ेशन के दौर में अब लोगों की जेबें भी भारी होने लगी हैं, मतलब आर्थिक आज़ादी। सिर्फ इतने पर ही आकर टिक जाती है हमारी सोच।


कभी न तो हम इससे आगे सोचते हैं और न हमें सोचने की इजाज़त होती है। अपनी मर्ज़ी से जीने की आज़ादी कभी मिली ही नहीं। जिसने ऐसा सोचा, या तो उसका कत्ल कर दिया गया या फिर उसको दिमागी तौर पर पर ‘थर्ड डिग्री’ में रख दिया गया। सब कुछ खामोश! असली आज़ादी के लिए नई जेनरेशन कुलबुला रही है लेकिन कुछ हो नहीं पा रहा। चिंता पहले किसकी करें? देश की, अपनी या परिवार की, करियर की या फिर अपनी किसी पसर्नल बात की? टेंशन ही टेंशन है।  

बचपन में मम्मी सुबह तैयार करके स्कूल भेज देती थीं। छोटे थे, समझ कम थी तो स्कूल जाना बहुत बुरा लगता था। अब हमें स्कूल जाने से फायदे समझ में आ रहे हैं। उस वक्त किसी को मैथ्स पढ़ना अच्छा नहीं लगता था, किसी को साइंस। मन मारकर पढ़ते थे। धीमे-धीमे स्कूल का वक्त कब गुज़र गया, पता ही नहीं चला। 14 साल की उम्र आते-आते सपनों को पंख लगने लगे थे। मन हर उस चीज़ की ओर जाता था, जो भी करना मना था। उस वक्त अपनी जि़दगी में थोड़ा स्पेस चाहिए होता था, जो मिलता नहीं था। हम क्रिकेट खेलना चाहते थे, लेकिन किताबें पीछा नहीं छोड़ती थीं। इस दौर में कई बड़ी खुराफातें भी की लेकिन सब दब गया। इन खुराफातों में क्रिएटिविटी भी छिपी थी लेकिन बैग, करियर, किताबें और सब चौपट। छटपटाहट बहुत ज़्यादा थी लेकिन कुछ हो नहीं पाता था।

मैं कहाँ जाऊं?
20 साल की उम्र आते-आते करियर की हवा ने ऎसा झकझोरा कि किसी काम के नहीं रहे। इधर जाऊं कि उधर। आमिर खान कहते हैं न, “कन्फ्यूजन ही कन्फ्यूजन है सॉल्यूशन कुछ पता नहीं।“ हम कभी वो चाहते ही नहीं थे जो ‘वो’ चाहते थे। वो जो चाहते थे, हमें नामंज़ूर था। कुछ को मनचाहा करियर भी मिल गया और कुछ ताकते ही रह गए। खैर जैसे-तैसे अपने क्रिएटिव दिमाग से कुछ कागज़ की डिग्रियां हासिल कर लीं। अब करियर की कार चलने को बेकरार थी। चल भी पड़ी। आज़ादी यहां पर भी नहीं मिल रही थी। घुटन तो बहुत ज़्यादा थी लेकिन दोस्तों के आगे ग़म भूल जाते थे। जिन्होंने खुद को इससे बाहर निकालने का रिस्क लिया, उनसे पूछिए, कितने पापड़ बेलने पड़े।

कुछ साल नौकरी करने के बाद एक अलग तरह का प्रेशर आया। इसे हम ‘फ्रीडम किलर’ कहते हैं। शादी करने का प्रेशर। कुछ करना चाहते हैं तो कुछ नहीं करना चाहते हैं, कुछ अपनी पसंद की लड़की से करना चाहते हैं तो कुछ बैचलर रहना पसंद करते हैं लेकिन फिर वही बात...सोसायटी का प्रेशर। एक दोस्त फेसबुक पर कह रहा था, “हम लोग पूरी ज़िंदगी में ज़्यादातर वक्त पड़ोसी की फिक्र में गुज़ार देते हैं।” कुछ करो या न करो, ब्याह कर लो प्लीज़। लड़की/लड़का पसंद है तो ठीक वरना दूसरों का मन रखने के लिए ही शादी कर लो। जो अपनी पसंद को अपनाते हैं, उनका हश्र निरूपमा पाठक जैसा होता है। कोई सुनवाई नहीं है भाई। हमारी नई जेनरेशन जाए तो जाए कहां। कोई भी तो सुनने वाला नहीं है। सर्द रात में अंधेरी सड़क पर आप अकेले हैं। कोहरा पड़ रहा है। सर्दी से बचने और ट्रक से जान बचाने की फिक्र जैसा हाल है।

क्या मिलेगा मुश्किल का हल???
80 के दशक में पैदा हुए लोग काफी घुटन महसूस कर रहे हैं। साल्यूशन तो फिलहाल दिख नहीं रहा है। बचपन से अब तक हर पल घुटने को मजबूर लोग पागल से हो रहे हैं। कई बार कई लोगों को कहते सुना, “सब छोड़कर भाग जाने का मन करता है। क्या करें, दिल भर गया। बस, अब और नहीं।” सवाल ढेर सारे हैं, समाज और देश के ठेकेदारों के पास कोई जवाब नहीं है। जवाब देना उनके लिए मुश्किल भी तो हैं। पता नहीं क्या होगा? बचपन तो गया जवानी भी गई...

नदियों पर बांध बना दिए गए। बड़ी-बड़ी कंक्रीट की बिल्डिंगों ने हवा का रास्ता रोकने की कोशिश की है। स्प्रिंग को जितना दबाया जाएगा, वो उतना ऊंची उठेगी। डर ये है कि कहीं ऐसा न हो और ये जेनरेशन भी भीड़ का हिस्सा बनकर खो जाए हमेशा के लिए। या आएंगे थ्री ईडियटस।

Tuesday, January 18, 2011

अब भी 'मज़लूम' बॉलीवुड की नायिकाएं

मंजीत ठाकुर 
(लेखक आईआईएमसी, नई दिल्ली के पूर्व छात्र और डीडी न्यूज़ में वरिष्ठ संवाददाता हैं)
"ये एक मज़लूम लड़की है जो इत्तेफ़ाक़न मेरी पनाह में आ गई है" फिल्म पाकीज़ा में यह डायलॉग बोलते वक्त राजकुमार को इस बात का ज़रा भी इल्म नहीं रहा होगा कि वह भारतीय सिनेमा के एक सच का खुलासा कर रहे हैं। भारतीय फ़िल्मों की नायिका ज़माने से ‘मज़लूम’ होने का बोझ ढोती आ रही हैं और ये सिलसिला कुछ अर्थों में आज भी क़ायम है।

हिंदुस्तानी सिनेमा के शुरुआती दौर में नायिकाओं के किरदार भी पुरुष ही निभाते थे और सोलंके नामक एक अभिनेता को नारी की भूमिका निभाने के लिए पुरस्कार भी मिला था। गौर से देखें तो आज तक फिल्मों में नारी पात्रों को पुरुषवादी नज़रिए और अहम के साथ ही गढ़ा गया है।

हिंदुस्तानी सिनेमा के पहले दशक की फ़िल्में धार्मिक किस्म की थीं और उनमें महिलाएं देवियों जैसी थीं, जबकि कैकेयी और मंथरा वगैरह बुरी महिला पात्रों के स्टीरियोटाइप बने। गाँधी जी के असर में भारतीय समाज और सिनेमा दोनों ही बदलने लगे। 1937 में वी शांताराम  की ‘दुनिया ना माने’ में बूढे़ विधुर से ब्याही नवयुवती इस बेमेल विवाह को नाजायज़ मानती है।

लेकिन 'दुनिया न मानें' की शांता आप्टे को छोड़ दें तो शोभना समर्थ से लेकर ‘तदबीर’ की  नरगिस या ‘तानसेन’ की खुर्शीद तक सभी नायिकाएँ वैसी ही गढ़ी गईं, जैसा हमारा समाज आज तक चाहता आया है।

नर्गिस : अब तक याद मदर इंडिया 
महबूब ख़ान ने 1939 में औरत और 1956 में इसका भव्य रंगीन संस्करण मदर इंडिया बनाई।  केंद्रीय पात्र अपने सबसे लाडले विद्रोही पुत्र को गोली मार देती है क्योंकि वह गाँव की लाज को विवाह मंडप से उठाकर भाग रहा था। नरगिस अभिनीत इस किरदार को ही दीवार में निरूपा राय के रूप में एक और शेड मिलता है।  बाद में मां के चरित्र का सशक्त विस्तार राम लखन, करण अर्जुन और रंग दे बसंती में दिखता है।

आज़ादी के बाद के आदर्श प्रेरित कुछ फ़िल्मों में  नारी मन को भी उकेरने की कोशिश की गई। अमिया चक्रवर्ती की ‘सीमा’ और बिमल रॉय की  ‘बंदिनी’  में महिला पात्रों ने कमाल किया। बिमल रॉय की सुजाता दलित लड़की के सपने और  डर को तो ऋषिकेश  मुखर्जी की 'अनुपमा' और 'अनुराधा' भी नारी की पारंपरिक छवि को जीती है। 

मधुबाला के दीवाने हुए दर्शक 
लेकिन फ़िल्म ‘जंगली’ के साथ रंगीन होते ही हिंदुस्तानी सिनेमा की पलायनवादी धारा ने नारी को वस्तु की तरह प्रस्तुत करना शुरू कर दिया। सातवें दशक में श्याम बेनेगल ने ‘अंकुर’ और ‘निशांत’ में महिलाओं के खिलाफ सामंतवादी अन्याय की कहानी पेश की  और ये भी स्थापित किया कि भारतीय लोकतंत्र सामंतवाद का नया चेहरा है। लेकिन इस दौर की मुख्यधारा के सिनेमा में महिला किरदारों का काम महज नाच-गाने तक ही सीमित रहा।

नरगिस, कामिनी कौशल, मधुबाला और गीताबाली के साथ मीना कुमारी और नलिनी जयवंत भी अपने अभिनय से दर्शकों पर छाप छोड़ चुकी थीं, फिर भी 'अंदाज़' दिलीप कुमार की ही फ़िल्म मानी जाती रही, 'बरसात' राजकपूर की और 'महल' अशोक कुमार की।

हालांकि राज कपूर की ‘सत्यम् शिवम् सुंदरम्’ में अंग प्रदर्शन चरम पर था तो बाद में ‘प्रेम रोग’ विधवा समस्या पर सार्थक फ़िल्म थी। राजकपूर को यह श्रेय ज़रूर देना चाहिए कि उनकी नायिकाएं किसी भी अर्थ में हीरो से कमतर नहीं रहीं।  वे औरत के उसी रूप में पेश करते रहे जिस रूप में वह हमारे समाज की देहरी के अंदर और बाहर रही हैं।

मन गुदगुदाती थीं जया  भादुडी 
अमिताभ बच्चन के दौर में मारधाड़ में नायिका कहीं हाशिए पर फिसल गई। ‘अभिमान’ या 'मिली' जैसी फिल्में जया भादुड़ी पर मेहरबान ज़रूर हुईं पर इसी बीच परवीन बॉबी और ज़ीनत अमान जैसी अभिनेत्रियों को केवल अपने जिस्म का जलवा दिखाकर ही संतुष्ट होना पड़ा।

70 के दशक में भी नायिकाएं त्यागमयी, स्नेही, और नायक की राह में आंचल बिछाए  बैठी एक आदर्श नारी बनी रही। इसके साथ ही ख़ूबसूरत होना और पार्क में साइकिल चलाते हुए गाना भी उसकी मजबूरी रहा है।

80 का दशक हिंदी फिल्मों में कई लिहाज से अराजकता का दशक माना जाता है। इस दशक में कथा' और चश्मेबद्दूर  या 'गोलमाल' जैसी अलग महिला किरदारों वाली फ़िल्में तो आती हैं, पर ये परंपरा कायम नहीं रह पाती।

शबाना का संजीदा अभिनय 
महेश भट्ट की ‘अर्थ’ ने हालांकि महिला किरदारों की परंपरा को नए अर्थ दिए। फिल्म से हमें साधारण चेहरे-मोहरे लेकिन असाधारण प्रतिभा वाली अभिनेत्री शबाना आज़मी मिली। भट्ट की इस फ़िल्म ने एक मशहूर अभिनेत्री का मर्द पर हद से ज़्यादा आश्रय और बरसों से परित्यक्ता पत्नी के आत्मसम्मान को दिखाया।
‘सुबह’ और ‘भूमिका’ भी इसी दशक में आईं और स्मिता पाटिल अपनी चमत्कारिक अभिनय क्षमता का लोहा मनवा गईं। अपनी मादक छवि से परेशानहाल डिंपल ने ‘जख्मी औरत’ ‘रुदाली’ और ‘लेकिन’ से महिला किरदारों के अलग आयाम प्रस्तुत किए।

स्मिता अब तक यादें ताज़ा 
‘सावन-भादो’ से एक अनगढ़ लड़की के रुप में आईं रेखा ने ‘उमराव जान’ और ‘खूबसूरत’ जैसी फिल्मों से अपना अलग मुकाम बनाया लेकिन उनके किरदार में वैविध्य खून भरी मांग  से ही आया।

काजोल ‘दुश्मन’ और ‘बाज़ीगर’ में कुछ अलग क़िस्म की भूमिकाओं में दिखीं लेकिन यहां भी उन किरदारों को हीरो का सहारा चाहिए था। रानी के 'ब्लैक' में कमाल के पीछे कहीं अमिताभ बच्चन का चेहरा झांकता रहा। बहरहाल, रवीना टंडन की ‘सत्ता’ या गुलजार की 'हू तू तू' बेशक महिलाओं पर बनी अच्छी राजनीतिक कहानियां हैं। ऐसी ही कुछ प्रकाश झा की राजनीति भी है, जिसमें पहली बार कतरीना कैफ सिर्फ पलकें झपकाने की बजाय अभिनय करती नजर आई हैं।

ग्लोबल हों रहीं बॉलीवुड की अदाकारा 
बाजार की शक्तियों ने नायिकाओं को अभिनेत्री के आसन से उतार कर आइटम बना दिया। मल्लिका शेरावतों और मलाइका अरोड़ाओं के सामने तू चीज बड़ी है मस्त-मस्त  बेहद सीधे-साधे गीत नजर आते हैं। 


हाल की  इश्क़िया  में विद्या बालन का किरदार अलग है। मिस्टर एंड मिसेज अय्यर और पेज थ्री की कोंकणा हालांकि शबाना और स्मिता की याद दिलाती हैं, लेकिन आज भी भारतीय दर्शक अपनी हीरोइन से यही कहना चाहता है, "आपके पाँव देखे, बहुत खूबसूरत हैं, इन्हें ज़मीन पर न रखिएगा मैले हो जाएँगे..."


Related Posts :